विवेकानंद शिला स्मारक के शिल्पी एकनाथ रानडे : संगठन शक्ति, संकल्प और राष्ट्रसेवा के अद्वितीय साधक

भारत के राष्ट्रजीवन में कुछ ऐसे महापुरुष हुए हैं, जिन्होंने अपने विचारों, संगठन क्षमता, दूरदर्शिता और कर्मठता से इतिहास में अमिट स्थान बनाया। एकनाथ रानडे ऐसे ही महान राष्ट्रसेवक थे, जिन्होंने कन्याकुमारी की समुद्र लहरों के बीच स्थित विवेकानंद शिला पर भव्य स्मारक का निर्माण कराकर स्वामी विवेकानंद के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्हें विवेकानंद शिला स्मारक का शिल्पी कहा जाता है।

एकनाथ रानडे का जन्म 19 नवम्बर 1914 को महाराष्ट्र के अमरावती जिले के टिलटिला गांव में हुआ था। शिक्षा के लिए वे नागपुर आए, जहां उनका संपर्क राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार से हुआ। बचपन से ही प्रतिभाशाली, साहसी और दृढ़ निश्चयी एकनाथ जी संघ की शाखा से जुड़ गए। उनकी कार्यशैली में अनुशासन और लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण स्पष्ट दिखाई देता था।मैट्रिक के बाद उन्होंने डॉ. हेडगेवार के सामने प्रचारक बनने की इच्छा व्यक्त की, लेकिन डॉक्टर जी ने पहले उच्च शिक्षा प्राप्त करने की सलाह दी। वर्ष 1936 में स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद वे संघ के पूर्णकालिक प्रचारक बने। प्रारंभ में नागपुर और आसपास के क्षेत्रों में कार्य किया। वर्ष 1938 में उन्हें महाकौशल का दायित्व मिला और 1945 में वे मध्य प्रदेश के प्रांत प्रचारक बने।

वर्ष 1948 में महात्मा गांधी की हत्या के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर प्रतिबंध लगा दिया गया। इस कठिन परिस्थिति में एकनाथ रानडे को देशव्यापी सत्याग्रह के संगठन की जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने भूमिगत रहकर देशभर में संपर्क और संगठन का कार्य किया। उनके नेतृत्व में हजारों स्वयंसेवकों ने सत्याग्रह में भाग लिया। उन्होंने सरकार और संघ के बीच संवाद स्थापित कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंततः प्रतिबंध हटने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
इसके बाद उन्होंने संघ में अनेक महत्वपूर्ण दायित्व निभाए। वर्ष 1953 से 1956 तक अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख तथा 1956 से 1962 तक सरकार्यवाह के रूप में उन्होंने संगठन को मजबूत और सुव्यवस्थित बनाने में योगदान दिया। उनकी प्रशासनिक क्षमता, संगठन कौशल और कठिन परिस्थितियों में समाधान खोजने की योग्यता असाधारण थी।

उनके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण अध्याय वर्ष 1963 में प्रारंभ हुआ, जब स्वामी विवेकानंद की जन्मशताब्दी के अवसर पर कन्याकुमारी की उस शिला पर स्मारक निर्माण का संकल्प लिया गया, जहां स्वामी जी ने ध्यान किया था। इस महान कार्य का दायित्व एकनाथ रानडे को सौंपा गया। स्मारक निर्माण के रास्ते में अनेक प्रशासनिक, राजनीतिक और क्षेत्रीय बाधाएं आईं, लेकिन उन्होंने धैर्य, दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल संवाद से सभी चुनौतियों का सामना किया।
स्मारक निर्माण के लिए बड़े पैमाने पर धन की आवश्यकता थी। एकनाथ जी ने इसे केवल किसी संस्था का प्रकल्प न बनाकर राष्ट्रीय जनभागीदारी का अभियान बनाया। देशभर के विद्यालयों, विद्यार्थियों, राज्य सरकारों, स्थानीय निकायों और आम नागरिकों से सहयोग जुटाया गया। एक-एक रुपये के जनसहयोग ने इस अभियान को राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया। अंततः वर्ष 1970 में राष्ट्रपति वी.वी. गिरि ने विवेकानंद शिला स्मारक का उद्घाटन किया।

वर्ष 1972 में उन्होंने विवेकानंद केंद्र की स्थापना के माध्यम से स्मारक के उद्देश्य को सामाजिक सेवा से जोड़ा। युवाओं को प्रशिक्षित कर देश के दूरस्थ और वनवासी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार तथा ग्रामीण विकास के कार्यों के लिए भेजा गया। यह सेवा कार्य आज भी निरंतर जारी है।लगातार परिश्रम और राष्ट्रसेवा में समर्पित जीवन के कारण उनका स्वास्थ्य कमजोर हो गया। 22 अगस्त 1982 को मद्रास (वर्तमान चेन्नई) में हृदयाघात से उनका निधन हो गया।

एकनाथ रानडे का जीवन सिखाता है कि दृढ़ संकल्प, संगठन शक्ति और सामूहिक सहभागिता से असंभव दिखाई देने वाले लक्ष्य भी प्राप्त किए जा सकते हैं। कन्याकुमारी का विवेकानंद शिला स्मारक आज भी उनके अद्भुत नेतृत्व, दूरदर्शिता और राष्ट्रसमर्पण का जीवंत प्रतीक है। उनका जन्मदिवस हमें राष्ट्रनिर्माण के कार्यों में समर्पण, अनुशासन और सेवा भाव से जुटने की प्रेरणा देता है।

वरुण कुमार
लेखक एवं कवि

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *