अलीगंज। कस्बा अलीगंज के सराय रोड स्थित दयाल गार्डन के पास तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए निजी वाहन से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना नयागांव क्षेत्र के ग्राम अलियापुर दांडा निवासी 25 वर्षीय नीरज पुत्र हुकुम सिंह और 35 वर्षीय उदयवीर पुत्र वीरेंद्र सिंह अलीगंज से अपनी मामी लक्ष्मी की दवाई लेकर बाइक से गांव वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक सराय रोड पर दयाल गार्डन के पास पहुंची, तभी सराय की तरफ से तेज गति से आ रही एक पिकअप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से निकल गया। घटनास्थल पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद करते हुए उन्हें तत्काल सीएचसी अलीगंज पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। नीरज की हालत अधिक गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए एटा स्थित हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं उदयवीर का उपचार सीएचसी में किया गया।
दिनदहाड़े तेज रफ्तार वाहनों से हो रहे हादसों को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है।
