प्रगतिशील पशुपालकों को एक दिवसीय प्रशिक्षण में दी गई महत्वपूर्ण जानकारियां, महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा

अलीगंज। पशुपालन को रोजगार और आमदनी का बेहतर माध्यम बनाने के उद्देश्य से विकास खंड अलीगंज के सभागार में पशुपालन विभाग की ओर से प्रगतिशील पशुपालकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पशुओं के बेहतर रखरखाव, पौष्टिक आहार, बीमारी से बचाव और शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पशुपालकों को आधुनिक तौर-तरीके अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सम्यक शाक्य एवं भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष विजय कुमारी मिश्रा ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, पूजन एवं माल्यार्पण कर किया। प्रशिक्षण के दौरान उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रविकांत ने पशुपालकों को सामान्य पशुपालन, पशुओं की देखभाल, उचित रखरखाव और संतुलित आहार के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने राष्ट्रीय पशुधन बीमा योजना तथा पशुपालन घटक के अंतर्गत किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की जानकारी देते हुए बताया कि इन योजनाओं का लाभ लेकर पशुपालक अपने व्यवसाय को आर्थिक रूप से मजबूत बना सकते हैं।
पशु चिकित्साधिकारी देवतरिया डॉ. विनय यादव ने हरे चारे की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पशुओं को किस मौसम में, किस मात्रा में और किस तरीके से हरा चारा खिलाना चाहिए। उन्होंने पशुओं को विभिन्न संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए समय से टीकाकरण कराने की आवश्यकता भी बताई। वहीं पशु चिकित्साधिकारी सिमोर डॉ. गौरव गंगवार ने मुख्यमंत्री सहभागिता योजना की जानकारी दी।

उन्होंने गौ आश्रय स्थलों में किसानों के माध्यम से हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अनुबंध व्यवस्था तथा गोबर से दीपक, अगरबत्ती और जैविक खाद जैसे उपयोगी उत्पाद तैयार करने की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पशुपालन के साथ गोबर का बेहतर उपयोग किसानों के लिए अतिरिक्त आय का जरिया बन सकता है। प्रशिक्षण में प्रगतिशील पशुपालकों के साथ महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रविकांत ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

