-डीएम ने अधिकारियों को दिए नियमित निगरानी के निर्देश, जाली नोटों के प्रसार और सीमा पार बैंकिंग गतिविधियों पर सतर्कता बरतने को कहा-
नवयुग समाचार संवाददाता
श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी मनोज कुमार राय की अध्यक्षता में सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा और निगरानी को लेकर बैठक हुई। इसमें अवैध तस्करी, जाली नोटों के प्रसार, संदिग्ध वित्तीय लेनदेन और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सीमावर्ती इलाकों में नियमित निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सीमा क्षेत्र में सामान के अवैध आवागमन पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। जाली नोटों के प्रचलन और प्रसार को रोकने के लिए संबंधित विभाग सतर्क रहें। सीमा पार होने वाले बैंक लेनदेन और अन्य संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों पर भी नजर रखी जाए। किसी भी संदिग्ध लेनदेन की जानकारी संबंधित वित्तीय संस्थानों और जांच एजेंसियों से साझा कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों और कट्टरपंथी समूहों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही सीमा के आसपास की सड़कों को दुरुस्त रखने और नेटवर्क की समस्या दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा।
इसके लिए जरूरी प्रस्ताव जल्द भेजने के निर्देश भी दिए। डीएम ने जिले में संचालित अवैध मदरसों का सत्यापन कराने और नो मेंस लैंड में चल रहे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की संख्या व विवरण तत्काल उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें। बैठक में एसएसबी कमांडेंट ए.के. वरुण, एसडीएम भिनगा आशीष भारद्वाज, इकौना के निशांत उपाध्याय, जमुनहा के रवि प्रताप सिंह, सभी क्षेत्राधिकारी, डिप्टी कमांडेंट और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
