बहराइच। उत्तर प्रदेश पुलिस में प्रचलित विभागीय पदोन्नति व्यवस्था के तहत विभागीय परीक्षा में सफल कार्मिकों को पदोन्नति प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में जनपद बहराइच के फायर स्टेशन बहराइच में कुक के पद पर तैनात आशीष कुमार, पुत्र हरिशंकर मिश्रा को विभागीय परीक्षा में सफलता के आधार पर सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) के पद पर पदोन्नत किया गया।

सोमवार को पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पदोन्नत सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) आशीष कुमार को स्टार एवं बैज अलंकृत कर पदोन्नति की शुभकामनाएं दीं। एसपी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल सेवाकाल की कामना करते हुए कहा कि पदोन्नति के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ती हैं, जिनका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी, प्रधान लिपिक पंकज चौबे सहित पुलिस कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने पदोन्नत अधिकारी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

बहराइच पुलिस ने बताया कि विभागीय परीक्षा के माध्यम से योग्य एवं पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान करना पुलिस विभाग की पारदर्शी एवं प्रेरणादायक व्यवस्था का हिस्सा है, जिससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है और उन्हें बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
