जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र समेत विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर हुई विस्तृत समीक्षा
अलीगंज। विकास खंड अलीगंज कार्यालय सभागार में मंगलवार को खंड विकास अधिकारी शिव शंकर शर्मा की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत सचिवों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का बिंदुवार मूल्यांकन किया गया। बीडीओ ने सचिवों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की समीक्षा करते हुए बीडीओ ने पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उनके आवेदन समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, इसलिए पात्रता के अनुरूप अधिक से अधिक लाभार्थियों को जोड़ा जाए।
फार्मर आईडी बनाने की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बीडीओ ने सचिवों से कहा कि प्रत्येक पात्र किसान का फार्मर आईडी पंजीकरण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि भविष्य में किसानों को मिलने वाली विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सके।
बैठक में आवास विकास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों की प्रगति, निर्माण कार्य की स्थिति तथा लाभार्थियों को समय पर किस्त उपलब्ध कराने से जुड़े बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माणाधीन आवासों का नियमित निरीक्षण किया जाए और कार्य में अनावश्यक देरी न होने पाए। संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा के दौरान गांवों में साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव तथा लोगों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके साथ ही जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्रों के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश भी सचिवों को दिए गए। बैठक के अंत में बीडीओ शिव शंकर शर्मा ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी सचिव अपने-अपने ग्राम पंचायत क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करें, योजनाओं की वास्तविक स्थिति का सत्यापन करें तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी लक्ष्यों को पूरा करना सुनिश्चित करें। इससे ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा और विकास कार्यों में गति आएगी।
