पांचाल घाट से जल लाएंगे श्रद्धालु, महिलाएं-बच्चे और युवा भी भक्ति के रंग में रंगे
दिलीप सिंह अलीगंज एटा
अलीगंज। सावन के पवित्र माह के पहले सोमवार पर भगवान शिव के जलाभिषेक को लेकर अलीगंज में आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। रविवार को मोहल्ला राधाकृष्ण से कांवड़ियों का एक बड़ा जत्था जय भोलेनाथ और बम-बम भोले के गगनभेदी जयकारों के बीच पांचाल घाट, फर्रुखाबाद के लिए रवाना हुआ। कांवड़ यात्रा में महिलाओं, बच्चों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। श्रद्धालु भक्ति गीतों की धुन पर झूमते हुए और भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ते नजर आए।

कांवड़ियों के जत्थे के रवाना होते ही मोहल्ले का माहौल पूरी तरह शिवमय हो गया। भगवा परिधानों में सजे श्रद्धालुओं के हाथों में कांवड़ और भगवान शिव के ध्वज आकर्षण का केंद्र बने रहे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव, बम-बम भोले और जय शिव शंकर के जयकारे लगाए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। बच्चों और युवाओं में कांवड़ यात्रा को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया, वहीं महिलाओं ने भी पूरे श्रद्धाभाव के साथ यात्रा में सहभागिता की।

आयोजक अनिल कुमार भक्तगढ़ ने बताया कि सभी श्रद्धालु फर्रुखाबाद स्थित पौराणिक पांचाल घाट पहुंचकर गंगा जल भरेंगे। इसके बाद कांवड़ में पवित्र गंगाजल लेकर अलीगंज वापस लौटेंगे। सावन के पहले सोमवार को तहसील रोड स्थित शिवालय में भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया जाएगा। जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालु भगवान शिव से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और क्षेत्र में शांति बनाए रखने की कामना करेंगे। कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना का विशेष पर्व है। कांवड़ में गंगाजल लाकर शिवलिंग पर जलाभिषेक करना आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। यात्रा के दौरान सभी श्रद्धालुओं ने अनुशासन और धार्मिक मर्यादाओं का पालन करते हुए आगे बढ़ने का संकल्प भी लिया। इस दौरान वर्षा, काजल, प्रियंका, पूजा, शीतल, सौम्या, अरविंद, शिवा, सुमित, बाबू सहित बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा और बच्चे मौजूद रहे।
