वैश्य सम्मेलन में गूंजा सामाजिक एकजुटता का संदेश, संगठन विस्तार के साथ राजनीतिक भागीदारी पर भी हुआ मंथन


दिलीप सिंह अलीगंज एटा

राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल ने संगठन को मजबूत करने का किया आह्वान, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता बोले– अब वैश्य समाज को राजनीतिक हिस्सेदारी के लिए संगठित होना होगा
अलीगंज। भारतीय वैश्य महासभा (रजि.) के तत्वावधान में नगर के मैन मार्केट स्थित माहौर वैश्य धर्मशाला में वैश्य सम्मेलन, सम्मान एवं शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया।

सम्मेलन में वैश्य समाज की एकजुटता, संगठन विस्तार, महिलाओं एवं युवाओं की भागीदारी तथा सामाजिक और राजनीतिक सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों ने समाज के लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहने और समाजहित में संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता और मजबूत संगठन होता है। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज को सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनाने के लिए सभी वर्गों को एक मंच पर आना होगा। युवाओं को संगठन से जोड़कर नई पीढ़ी को नेतृत्व के लिए तैयार करना समय की आवश्यकता है।


महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष नीता वार्ष्णेय ने कहा कि समाज की उन्नति महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना संभव नहीं है। उन्होंने महिलाओं से शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक नेतृत्व में आगे आने का आह्वान किया।


कार्यक्रम के आयोजक एवं भारतीय वैश्य महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि अब समय आ गया है कि वैश्य समाज केवल व्यापार और सामाजिक गतिविधियों तक सीमित न रहे, बल्कि राजनीति में भी अपनी प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा, “जब तक समाज संगठित नहीं होगा, तब तक उसे उसकी उचित राजनीतिक हिस्सेदारी नहीं मिल सकेगी। अब वैश्य समाज को जागरूक और एकजुट होने की आवश्यकता है। जब हम एकजुट रहेंगे, तभी अपनी राजनीतिक भागीदारी भी मजबूती से मांग सकेंगे।” उन्होंने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में संगठन से जुड़ने का आह्वान किया।


कार्यक्रम का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत गुप्ता ने किया। उन्होंने संगठन की नीतियों एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए समाज के लोगों से संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
सम्मेलन के दौरान माहौर वैश्य धर्मशाला से जुड़े विभिन्न विषयों एवं समाज में चल रहे प्रकरणों पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि समाज की धर्मशाला और अन्य सामाजिक संपत्तियां पूरे समाज की धरोहर हैं। उनसे जुड़े किसी भी विषय का समाधान पारदर्शिता, आपसी संवाद और समाज की सहमति से होना चाहिए। साथ ही समाज के भीतर उत्पन्न मतभेदों को संगठन के मंच पर बैठकर सुलझाने पर जोर दिया गया।


इस अवसर पर जिला अध्यक्ष चीना गुप्ता ने महिलाओं की भागीदारी पर विशेष बल देते हुए कहा, “आज अलीगंज नगर में आयोजित सम्मेलन में महिलाओं की उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली। मैं समाज के सभी भाइयों से आग्रह करती हूं कि वे अपनी माताओं, बहनों, बेटियों और पत्नियों को भी भारतीय वैश्य महासभा से जोड़ें। महिलाएं घर-परिवार की जिम्मेदारियों के साथ-साथ संगठन के विस्तार और समाजहित के कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। आज के समय में किसी भी संगठन की मजबूती महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना संभव नहीं है।”


कार्यक्रम में संगठन विस्तार के क्रम में धुमरी निवासी कमलेश गुप्ता को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया गया। वहीं अलीगंज नगर इकाई में नीता गुप्ता को नगर अध्यक्ष तथा कल्पना अग्रवाल को नगर महामंत्री नियुक्त किया गया। इसके साथ ही विकासखंड अलीगंज क्षेत्र के राजा का रामपुर, सराय, धुमरी और जैथरा की नई कार्यकारिणियों का गठन किया गया।


इस दौरान मोनू अलीगंज, सुबोध गुप्ता (सराय), सत्यम गुप्ता (जैथरा), राजेंद्र गुप्ता तथा अनुज गुप्ता (राजा का रामपुर) सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को समाज की एकता बनाए रखने, संगठन को मजबूत करने तथा अपने-अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई।


कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों के रूप में वीरेंद्र कुमार वार्ष्णेय, संजीव कुमार वार्ष्णेय, गीता वार्ष्णेय, मीरा वार्ष्णेय, प्रदीप गुप्ता (भामाशाह), बंटी बाबू वार्ष्णेय तथा राकेश कुमार गुप्ता (चिकौरी) उपस्थित रहे।
इसके अलावा जिला अध्यक्ष चीना गुप्ता, जिला महामंत्री अंजना गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष प्रीति सिंगल, नगर अध्यक्ष नीता गुप्ता, नगर महामंत्री कल्पना अग्रवाल, विनोद कुमार आर्या, मुन्ना बाबू गुप्ता, अशोक जैन, विवेक गुप्ता, सुभाष गुप्ता, नीरज गुप्ता, जीतू, दीपक गुप्ता, शिवा गुप्ता सहित सैकड़ों की संख्या में वैश्य समाज के महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे।


सम्मेलन का समापन समाज की एकता, संगठन की मजबूती, महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा सामाजिक एवं राजनीतिक स्तर पर वैश्य समाज की प्रभावी भूमिका सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *