अलीगंज। थाना क्षेत्र के ग्राम ढिवईया अख्तियार में खेत में भैंस चले जाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान कुछ लोगों ने गर्भवती महिला के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। इसी दौरान महिला के पेट में लात लगने से वह बेहोश हो गई। घटना के बाद परिजन उसे गंभीर हालत में थाने लेकर पहुंचे, जहां से पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए सीएचसी अलीगंज भेज दिया।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी गर्भवती रूबी पत्नी अर्जुन सिंह के खेत में गांव के ही लख्मीचंद की भैंस चली गई थी। रूबी ने इसका विरोध किया, जिसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। रूबी का आरोप है कि इसके बाद लख्मीचंद, उसकी पत्नी और परिवार के अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान लख्मीचंद ने उसके पेट में लात मार दी, जिससे उसे गंभीर चोट लगी और वह बेहोश हो गई।
पति अर्जुन सिंह घायल पत्नी को लेकर थाना अलीगंज पहुंचे और पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने महिला को तत्काल सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
वहीं दूसरे पक्ष की अनीता देवी का आरोप है कि उसकी भैंस अर्जुन सिंह के खेत में चली गई थी। इसी बात को लेकर रूबी ने उसके पैर पर दरांती से वार कर दिया, जिससे उसे चोट लगी। इसी के बाद विवाद बढ़ने की बात कही गई है।
पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।
दिलीप सिंह अलीगज एटा
