तरबगंज तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस में आयुक्त व डीआईजी ने सुनीं जनसमस्याएं

40 से अधिक फरियादियों की शिकायतें सुनकर अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

गोण्डा, 06 जुलाई, 2026। आयुक्त देवीपाटन मंडल दुर्गा शक्ति नागपाल ने पुलिस महानिरीक्षक अशोक कुमार शुक्ला के साथ संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जनपद गोण्डा की तहसील तरबगंज में आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।


संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान आयुक्त ने 40 से अधिक फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इनमें मुख्य रूप से राजस्व विवाद, चकमार्ग खुलवाने, आयुष्मान कार्ड बनवाने सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें शामिल थीं। आयुक्त ने सभी प्रकरणों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा कहा कि प्रत्येक शिकायत का समाधान शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। आयुक्त ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का मौके पर सत्यापन कराते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका प्रभावी निस्तारण कराया जाए तथा शिकायतकर्ता को भी की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए।
जनसुनवाई के दौरान आयुक्त ने विशेष रूप से राजस्व विभाग के अधिकारियों को चकमार्गों की पैमाइश एवं पटाई के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बनाए रखने के लिए चकमार्गों को अतिक्रमणमुक्त कर उनकी पटाई का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, जिससे किसानों एवं ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचे तथा जनता की शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *