बहराइच: अवैध खनन की शिकायत करना पत्रकार को पड़ा भारी, दबंगों ने दी जान से मारने की धमकी


बहराइच जिले के कैसरगंज तहसील क्षेत्र अंतर्गत हुजूरपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बसंतपुर से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां अवैध खनन की शिकायत करना एक पत्रकार के लिए खतरे का कारण बन गया। शिकायत के बाद दबंगों ने पत्रकार के घर पर चढ़कर हमला करने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी।


पीड़ित पत्रकार अरुणेन्द्र प्रताप सिंह के अनुसार, उन्होंने 1 मई की शाम को क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन की सूचना प्रशासन और पुलिस को दी थी। आरोप है कि इसके अगले ही दिन 2 मई 2026 की सुबह करीब 7:30 से 8:00 बजे के बीच लगभग 20 की संख्या में दबंग उनके घर पहुंच गए। इनमें संतोष सिंह, राजेश सिंह, निरंजन सिंह, संजय सिंह समेत अन्य अज्ञात लोग शामिल बताए जा रहे हैं, जो लाठी-डंडों से लैस थे।


बताया जा रहा है कि दबंगों ने पत्रकार को घर से बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी दी और पकड़कर मारने का प्रयास किया। स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब हमलावर आक्रामक हो गए। हालांकि, पीड़ित ने अपनी सुरक्षा के लिए घर पर रॉटविलर नस्ल के कुत्ते पाल रखे थे। जैसे ही कुत्ते हमलावरों की ओर दौड़े, सभी मौके से पीछे हट गए और भाग निकले। जाते-जाते उन्होंने कुत्तों को भी मार डालने की धमकी दी।


घटना के बाद पीड़ित पत्रकार ने थाना हुजूरपुर में प्रभारी निरीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की शिकायत की है और अपनी तथा अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।


अब सवाल यह उठता है कि क्या पुलिस इस मामले में सख्त कार्रवाई करेगी या यह मामला भी अन्य घटनाओं की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा। यह घटना न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा पर भी गंभीर चिंता पैदा करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *