अलीगंज में शिक्षा और स्वास्थ्य की दोहरी सौगात, शिक्षकों को हेल्थ कार्ड तो बच्चों को मिलीं किताबें

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत 26 शिक्षकों को वितरित किए गए डिजिटल हेल्थ कार्ड

सरकार शिक्षा और शिक्षक दोनों के भविष्य को कर रही मजबूत- विधायक
दिलीप सिंह अलीगंज एटा


अलीगंज। तहसील अलीगंज के बैठक सभागार में बुधवार को शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी दो महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं का भव्य शुभारंभ हुआ। एक ही मंच से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत शिक्षकों को डिजिटल हेल्थ कार्ड वितरित किए गए, वहीं स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें भी प्रदान की गईं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों और विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लाइव संबोधन के प्रसारण से हुई। उपस्थित सभी लोगों ने मुख्यमंत्री के विचारों को सुना। इसके बाद मुख्य अतिथि अलीगंज विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और शिक्षकों को डिजिटल हेल्थ कार्ड तथा विद्यार्थियों को नई पाठ्यपुस्तकें वितरित कर योजनाओं की औपचारिक शुरुआत की।

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत विकासखंड अलीगंज एवं जैथरा के बेसिक शिक्षा विभाग और माध्यमिक शिक्षा परिषद के कुल 26 शिक्षकों को डिजिटल कैशलेस हेल्थ कार्ड प्रदान किए गए। इनमें बेसिक शिक्षा विभाग के 14 तथा माध्यमिक शिक्षा परिषद के 12 शिक्षक शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के माध्यम से शिक्षक एवं उनके आश्रित परिवार सूचीबद्ध अस्पतालों में प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का निशुल्क कैशलेस उपचार प्राप्त कर सकेंगे।

योजना का उद्देश्य शिक्षकों और उनके परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी सहज पहुंच सुनिश्चित करना है साथ ही शिक्षकों को ई-केवाईसी प्रक्रिया, डिजिटल हेल्थ कार्ड के उपयोग और सूचीबद्ध अस्पतालों में उपचार की पूरी प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। इसी अवसर पर स्कूल चलो अभियान के तहत 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों तथा पीएमश्री विद्यालय अलीगंज के छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित की गईं। अधिकारियों ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी परिषदीय विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से पुस्तकें उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि नए शैक्षणिक सत्र के पहले दिन से ही बच्चों की पढ़ाई सुचारु रूप से शुरू हो सके।

शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करने और नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील भी की। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी अलीगंज विनोद कुमार ने बताया कि विभाग का लक्ष्य प्रत्येक पात्र छात्र-छात्रा तक समय पर पुस्तकें पहुंचाना है। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी जैथरा मुकेश कुमार ने कहा कि स्कूल चलो अभियान के माध्यम से शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के साथ बच्चों को नियमित विद्यालय आने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।

जनता इंटर कॉलेज कैल्ठा के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि समय पर पाठ्यपुस्तकें मिलने से विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ता है और शिक्षकों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा मिलने से वे मानसिक रूप से अधिक सुरक्षित महसूस करेंगे। अलीगंज विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा प्रदेश सरकार शिक्षा और शिक्षकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षकों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा और विद्यार्थियों को समय पर नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि स्वस्थ शिक्षक और शिक्षित विद्यार्थी मिलकर प्रदेश का उज्ज्वल भविष्य तैयार कर सकें।

अलीगंज विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और शिक्षकों के कल्याण के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों और उनके परिवारों को बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करेगी, जबकि नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण प्रत्येक बच्चे को समान शैक्षिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आह्वान किया।

उपजिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक पात्र शिक्षक मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ प्राप्त करे और हर विद्यार्थी को समय पर पाठ्यपुस्तक उपलब्ध हो। उन्होंने शिक्षकों से ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कर डिजिटल हेल्थ कार्ड बनवाने तथा अभिभावकों से बच्चों की नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी ये दोनों योजनाएं समाज के सर्वांगीण विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *