दिलीप सिंह अलीगंज एटा
तीन घायलों की हालत गंभीर, सीएचसी से हायर सेंटर रेफर; पुलिस ने दोनों बाइकें कब्जे में लीं

अलीगंज। जसरथपुर थाना क्षेत्र के तिसौरी मार्ग पर शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में एक शिक्षक समेत पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, प्रथम पक्ष के अविनाश दीक्षित (25) पुत्र पुष्पेंद्र कुमार दीक्षित निवासी मोहल्ला शांति नगर पिंजरी स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं। वह विद्यालय से पढ़ाकर वापस अपनी बुआ के घर तिसौरी जा रहे थे। उनके साथ दिनेश कुमार दीक्षित (58) पुत्र होतिलाल दीक्षित निवासी निगोह हसनपुर भी थे, जो तिसौरी गांव से वापस एटा अपने घर जा रहे थे।

वहीं दूसरे पक्ष की बाइक पर विमला देवी (50) पत्नी सुरेश चंद्र निवासी सरौठ, आकाश (29) पुत्र सुरेश चंद्र और सुरेश (55) पुत्र सियाराम सवार थे, जो बकराई की ओर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तिसौरी मार्ग पर दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे सभी लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और सूचना मिलने पर घायलों को एंबुलेंस एवं निजी वाहनों की मदद से सीएचसी अलीगंज भेजा गया।

तीन घायलों को किया गया रेफर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज के चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर प्रथम पक्ष से दिनेश कुमार दीक्षित और अविनाश दीक्षित को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं द्वितीय पक्ष से आकाश की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे भी बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया। अन्य घायलों का उपचार सीएचसी पर जारी है।
सीएचसी अलीगंज के चिकित्साधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में पांच लोग घायल हुए थे, जिनमें से तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस ने दोनों बाइकें कब्जे में लेकर शुरू की जांच
वहीं मामले पर जसरथपुर थाना प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार उपाध्याय ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज भेजा गया। दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
