मोतिहारी। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को अरेराज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अरेराज सर्किल इंस्पेक्टर पूर्णकाम समर्थ ने की।
बैठक में विभिन्न समुदायों के लोगों, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान मोहर्रम पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आपसी भाईचारे को मजबूत करने पर चर्चा की गई।

थानाध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी ने उपस्थित लोगों से मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान डीजे साउंड पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेशों से बचने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यदि कोई असामाजिक तत्व सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन हर संभव सहयोग के लिए तैयार है और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह सतर्क है।
बैठक में पीएसआई अभिनाश कुमार, नगर अध्यक्ष रटू पांडेय, पूर्व नगर अध्यक्ष मंटू दुबे, नगर उपाध्यक्ष आजाद मियां, वार्ड पार्षद झुना पांडेय, श्रवण दास सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: नवनीत कुमार सिंह, मोतिहारी।
