मोतिहारी। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को पहाड़पुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष अजय कुमार ने की।
बैठक में क्षेत्र के विभिन्न समुदायों के लोगों, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान मोहर्रम पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आपसी भाईचारा कायम रखने पर चर्चा की गई।

थानाध्यक्ष अजय कुमार ने उपस्थित लोगों से मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। यदि कोई असामाजिक तत्व सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करता है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन पर्व के दौरान पूरी तरह सतर्क रहेगा और आमजन के सहयोग से त्योहार को शांतिपूर्वक संपन्न कराया जाएगा। बैठक में एसआई अमित कुमार रंजन, विवेक कुमार सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: नवनीत कुमार सिंह, मोतिहारी।
