हरियाली का संकल्प: ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सीएचसी और तहसील परिसर में हुआ वृक्षारोपण।

दिलीप सिंह अलीगंज एटा


सीएचसी, उपकेंद्रों और आरोग्य मंदिरों में स्वास्थ्य कर्मियों ने लगाए पौधे, तहसील परिसर में एसडीएम और तहसीलदार ने किया पौधरोपण


अलीगंज। प्रदेश सरकार के पौधरोपण महाअभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज सहित विभिन्न स्वास्थ्य उपकेंद्रों, आरोग्य मंदिरों और न्यू पीएचसी पर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। वहीं तहसील अलीगंज परिसर में एसडीएम जगमोहन गुप्ता और तहसीलदार संजय सिंह ने संयुक्त रूप से पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार के नेतृत्व में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवनकाल में अधिक से अधिक वृक्ष लगाने चाहिए। उन्होंने कहा कि कम से कम एक पौधा अपनी मां और पिता के नाम अवश्य लगाना चाहिए, क्योंकि पेड़ केवल पर्यावरण को शुद्ध नहीं करते बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जीवन का आधार हैं।


उन्होंने कहा, “पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, उसकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। यदि लगाए गए पौधों की देखरेख की जाए तो आने वाले वर्षों में यही पौधे बड़े वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।”
डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि अभियान के तहत आज सैकड़ों की संख्या में स्वास्थ्य कर्मियों ने अपने-अपने केंद्रों पर पौधारोपण कर इस जन अभियान को गति देने का कार्य किया है।


वहीं, एसडीएम जगमोहन गुप्ता और तहसीलदार संजय सिंह ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी सुरक्षा करने और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए जनसहभागिता से हरियाली बढ़ाने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *