रांची, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एस्कॉट इंटरनेशनल स्कूल, रांची में रविवार को विशेष योग एवं ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के महत्व को आत्मसात किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। योग सत्र के माध्यम से सभी ने शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक शांति, एकाग्रता और आत्मबल का अनुभव किया। विद्यालय परिसर में सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य शादान आलम ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का साधन नहीं है, बल्कि यह मन और आत्मा को भी संतुलित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के सचिव अनुज कुमार हेंब्रम ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दैनिक दिनचर्या में योग को शामिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को योग के प्रति जागरूक बनाना है ताकि वे आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ सकें।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा योग के संदेश को समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
