ग्रामीण बस सेवा शुरू कराने की मांग, जिलाधिकारी को सौंपा प्रार्थना पत्र

अलीगंज। तहसील अलीगंज क्षेत्र के ग्राम तिसौरी सहित आसपास के कई गांवों में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा शुरू कराने की मांग उठाई गई है। ग्रामीणों ने शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर बस का आवागमन शुरू कराने की मांग की।

प्रार्थना पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम तिसौरी विकासखंड एवं तहसील अलीगंज, जनपद एटा के अंतर्गत आता है। गांव से अलीगंज कस्बे की दूरी अधिक होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव के आसपास नगला उमेद, पुंसला, नगला चंदन, नगला ज्ञान बाया और नगला मामा सहित कई गांव स्थित हैं।

शिकायतकर्ता एडवोकेट अर्जुन सिंह दुबे निवासी तिसौरी थाना अलीगंज तथा ग्रामीणों ने बताया कि इन गांवों के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए जिला मुख्यालय जाना पड़ता है। वहीं, मरीजों को जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज तक पहुंचने में भी काफी दिक्कत होती है। नियमित बस सेवा उपलब्ध न होने से ग्रामीणों को निजी साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है।

ग्रामीणों ने जनहित को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा के अंतर्गत संबंधित गांवों तक बस का संचालन शुरू कराने की मांग की है। प्रार्थना पत्र पर हिमांशु दुबे, अर्जुन दुबे और अविलेश मिश्रा सहित अन्य ग्रामीणों ने अधिकारियों से शीघ्र कार्रवाई की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *