जिलाधिकारी ने किया वृहद गो संरक्षण केंद्र का निरीक्षण, गायों की संख्या 400 करने के निर्देश

अलीगंज। क्षेत्र के ग्राम किनौड़ी खैराबाद स्थित वृहद गो संरक्षण केंद्र का जिलाधिकारी एम. अरुनमोली ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोवंश के संरक्षण, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गो संरक्षण केंद्र परिसर में खाली पड़ी जमीन को चिह्नित कर उसमें मिट्टी भरवाने और उसे समतल कर कवर करने के निर्देश दिए। उन्होंने गोवंश की संख्या बढ़ाकर लगभग 400 तक करने पर जोर दिया। साथ ही क्षेत्र में घूम रहे निराश्रित गोवंश को पकड़कर गो संरक्षण केंद्र में संरक्षित करने के निर्देश दिए, ताकि सड़कों और खेतों में आवारा पशुओं से होने वाली समस्याओं को कम किया जा सके।

जिलाधिकारी ने गोबर के बेहतर उपयोग के लिए गो संरक्षण केंद्र में गोबर गैस प्लांट स्थापित कराने की बात कही। उन्होंने बताया कि इसके लिए शासन स्तर से आवश्यक व्यवस्था कराई जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से केंद्र के पीछे की ओर दो अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान गो संरक्षण केंद्र की अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त पाई गईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोवंश के संरक्षण और देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा शासन की मंशा के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

इस दौरान एसडीएम डॉ. शशि शेखर, खंड विकास अधिकारी शिव शंकर शर्मा, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरपी शर्मा और डॉ. रविकांत शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *