त्योहारों से पहले सुरक्षा व्यवस्था परखने सड़क पर उतरे डीएम-एसपी, महराजगंज में किया पैदल गश्त

बहराइच। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने रविवार को थाना हरदी क्षेत्र के कस्बा महराजगंज में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, क्षेत्राधिकारी महसी पवन कुमार तथा थाना हरदी के प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।

पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को नियमित गश्त करने, संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आपसी सौहार्द कायम रखने के लिए पुलिस बल को पूरी सतर्कता एवं तत्परता से ड्यूटी करने को कहा। साथ ही क्षेत्र में निरंतर निगरानी रखने और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

जनपद बहराइच पुलिस द्वारा आगामी त्योहारों के मद्देनजर विभिन्न क्षेत्रों में गश्त और निगरानी की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *