एसएसपी ने सुरक्षा, सम्मान और अपराधों के प्रति सजग रहने का दिया संदेशअलीगंज महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत
अलीगंज तहसील प्रांगण में महिला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इलामरन ने महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सरकारी स्तर पर उपलब्ध सहायता के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी तरह के उत्पीड़न या अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने महिलाओं को संबोधित करते हुए अधिकारों के प्रति जागरूकता को सशक्तीकरण का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए, ताकि वे किसी भी परिस्थिति में अपने साथ होने वाले अन्याय के खिलाफ आवाज उठा सकें। समाज में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहते हुए किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित अधिकारियों से संपर्क करना चाहिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इलामरन ने भी महिलाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा या अन्य आपराधिक गतिविधि को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी परिस्थितियों में महिलाएं बिना किसी भय के पुलिस को सूचना दें और आवश्यक सहायता प्राप्त करें। उन्होंने महिलाओं को सतर्क रहने तथा अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों पर जोर देते हुए महिलाओं को जागरूकता के माध्यम से आत्मविश्वास बढ़ाने और अपने अधिकारों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने महिला सुरक्षा को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार और सुरक्षित माहौल बनाने में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक जयवीर सिंह, महिला चौकी प्रभारी मनीषा यादव, कस्बा प्रभारी मनीष बालियान, कांस्टेबल मनोज कुमारी, कांस्टेबल अंजलि और कांस्टेबल साक्षी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
