पुलिस लाइन में गांधी और शास्त्री जयंती पर पुलिसकर्मियों ने लिया सत्य-अहिंसा का संकल्प

संतकबीरनगर। गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पुलिस लाइन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण किया। पुलिस गार्द ने सलामी दी।एसपी ने पुलिसकर्मियों को सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने, जाति-भेदभाव व सामाजिक कुरीतियों को त्यागने तथा कमजोर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य करने की शपथ दिलाई। उन्होंने गांधी और शास्त्री के जीवन एवं विचारों पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि सभी धर्म और संप्रदाय के लोग भारत के नागरिक हैं। आपसी सद्भाव और एकता से ही राष्ट्र की उन्नति संभव है। महिलाओं के सम्मान और उन्नति, दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन तथा भेदभाव समाप्त करने पर भी जोर दिया गया।इसके बाद पुलिस लाइन परिसर में पौधरोपण किया गया। एसपी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह, क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा, क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन अमित कुमार और प्रतिसार निरीक्षक रामबली यादव सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।वहीं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एएसपी सुशील कुमार सिंह समेत जिले के सभी थानों, चौकियों और फायर स्टेशनों पर भी गांधी एवं शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। पुलिसकर्मियों को उनके जीवन और विचारों की जानकारी दी गई तथा मिष्ठान वितरण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *