लंबित मांगों को लेकर लेखपाल संघ ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

अलीगंज। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ, अलीगंज तहसील इकाई की ओर से लेखपालों की लंबित एवं न्यायोचित मांगों को लेकर शनिवार को उप जिलाधिकारी डॉ. शशि शेखर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन तहसील अध्यक्ष शिव वीर की अध्यक्षता में दिया गया। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि पूर्व में 2 अगस्त 2026 को जारी कार्यक्रम के क्रम में परिषद एवं शासन स्तर से मांगों के संबंध में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

ज्ञापन में अंतर मंडलीय स्थानांतरण, चयन वर्ष 2025-26 की पदोन्नति सूची जारी करने तथा चयन वर्ष 2024 की विभागीय परीक्षा के परिणाम एवं प्रमाण पत्र घोषित करने की मांग प्रमुखता से रखी गई। इसके अलावा लेखपालों के भत्तों में वृद्धि, भूलेख पटल से संबंधित समस्याओं के समाधान तथा ग्राम सचिवालयों में आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।

संघ ने लेखपालों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, सुरक्षा भत्ते में बढ़ोतरी तथा लेखपालों का रोस्टर लगाए जाने की मांग भी उठाई। साथ ही प्रारंभिक वेतनमान में 2800 ग्रेड पे से संबंधित वेतन विसंगति दूर करने और लेखपाल पद को तकनीकी पद घोषित किए जाने की मांग ज्ञापन के माध्यम से रखी गई।

लेखपाल संघ ने शासन एवं परिषद स्तर पर लंबित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई। इस दौरान अलीगंज तहसील क्षेत्र के सभी लेखपाल मौजूद रहे।

दिलीप सिंह मडल ब्यूरो एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *