संयुक्त निदेशक ने किया सीएचसी अलीगंज का औचक निरीक्षण

अलीगंज। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक (जेडी) लखनऊ डॉ. विभोर जैन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज का औचक निरीक्षण किया। उनके अचानक पहुंचने से अस्पताल प्रशासन में हलचल मच गई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीएचसी पर तैनात चिकित्सकों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर संवाद किया और अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

संयुक्त निदेशक ने अस्पताल की ओपीडी, प्रसव कक्ष, महिला लेबर रूम, स्टाफ नर्स रूम, ऑपरेशन थिएटर (ओटी) सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, साफ-सफाई, चिकित्सा व्यवस्थाओं और आवश्यक संसाधनों की स्थिति को परखा। साथ ही अस्पताल में तैनात स्वास्थ्य कर्मियों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डॉ. विभोर जैन ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत कर्मचारियों से गर्भवती महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से गर्भावस्था की पहली और दूसरी तिमाही में महिलाओं के हीमोग्लोबिन स्तर की जांच तथा उसकी निगरानी के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को व्यवस्थित तरीके से दर्ज करने के निर्देश दिए।

जेडी ने गर्भवती महिलाओं से संबंधित रजिस्टरों को नियमित रूप से अपडेट रखने और सभी आवश्यक जानकारी दर्ज करने को कहा। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को गर्भवती महिलाओं की जांच एवं देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर डॉ. राजेश शर्मा, सीएचसी अधीक्षक सर्वेश कुमार, डॉ. राहुल चतुर्वेदी, डॉ. जितेंद्र सिंह, डॉ. शक्ति सिंह, डॉ. विशाल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

दिलीप सिंह मडल ब्यूरो एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *