अलीगंज। थाना अलीगंज क्षेत्र के ग्राम अगंरैया में बुधवार को सड़क पर अचानक कुत्ता आ जाने से बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। हादसे में बाइक सवार 30 वर्षीय पुष्पेंद्र पुत्र नन्हे प्रसाद निवासी ग्राम ज्यूरी, थाना मलावन, एटा घायल हो गए। दुर्घटना में पुष्पेंद्र के शरीर में कई जगह चोटें आई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुष्पेंद्र अपने गांव ज्यूरी से बाइक द्वारा अलीगंज क्षेत्र के ग्राम भरपुरा में अपनी बुआ के घर चून-सिमइयां देने जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम अगंरैया के पास अचानक सड़क पर कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और पुष्पेंद्र सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद वह घायल अवस्था में सड़क पर पड़े रहे।
घटना देखकर मौके से गुजर रहे राहगीर मदद के लिए आगे आए। राहगीरों ने तत्काल 108 नंबर पर एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल पुष्पेंद्र को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज में भर्ती कराया गया। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा घायल का उपचार किया गया। हादसे की जानकारी मिलने पर पुष्पेंद्र के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
दिलीप सिंह अलीगज एटा
