अलीगंज में दर्दनाक हादसा: दो बाइकों को टक्कर मारने के बाद पेड़ से टकराई होंडा सिटी, तीन की मौत

लड़सिया के पास हुए हादसे में पहले सरोज देवी और शौक मुहम्मद ने तोड़ा दम; हायर सेंटर रेफर अश्वनी की कायमगंज में इलाज के दौरान मौत, अब तक तीन मौतें

अलीगंज, एटा। कोतवाली अलीगंज क्षेत्र में लड़सिया के पास बुधवार को होंडा सिटी कार और दो बाइकों की भिड़ंत में मौतों का आंकड़ा बढ़कर तीन हो गया है। हादसे में गंभीर रूप से घायल होंडा सिटी कार सवार अश्वनी (16) ने भी इलाज के दौरान जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज में दम तोड़ दिया। इससे पहले हादसे में लड़सिया निवासी सरोज देवी और सिमरई निवासी शौक मुहम्मद की मौत हो चुकी थी। क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह ने घटना में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है।

हादसे में घायल अन्य लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज लाया गया था, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के बाद होंडा सिटी कार सड़क से करीब 20 फीट दूर जाकर पेड़ से टकरा गई थी।

अलीगंज से एटा जा रही थी होंडा सिटी, दो बाइकों से हुई भिड़ंत

कोतवाली अलीगंज के दरोगा जयवीर सिंह के मुताबिक, होंडा सिटी कार अलीगंज से एटा की ओर जा रही थी। कार में दहलई निवासी अश्वनी पुत्र रजनीश (16) और रॉबिन पुत्र रमेश (22) सवार थे। लड़सिया के पास कार की दो बाइकों से टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से करीब 20 फीट दूर जाकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार अश्वनी और रॉबिन घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सीएचसी अलीगंज लाया गया। यहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया था। बाद में गंभीर रूप से घायल अश्वनी ने कायमगंज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

बाइक सवार सरोज देवी की सीएचसी पहुंचने से पहले ही मौत

पुलिस के अनुसार, एक बाइक पर लड़सिया निवासी सरोज देवी पत्नी गोपी चंद्र और उनके पुत्र भूपेंद्र पुत्र गोपी चंद्र सवार थे। हादसे में दोनों घायल हो गए। सरोज देवी को सीएचसी अलीगंज लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत अवस्था में पाया।

वहीं, भूपेंद्र की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

दूसरी बाइक सवार शौक मुहम्मद की भी मौत

दूसरी बाइक पर थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के सिमरई निवासी शौक मुहम्मद पुत्र फैयाज अली (45) सवार थे। वह एटा की ओर से अलीगंज आ रहे थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल शौक मुहम्मद को भी उपचार के लिए सीएचसी अलीगंज लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस तरह हादसे के शुरुआती चरण में दो लोगों की मौत हुई थी, जबकि बाद में कार सवार अश्वनी की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।

चिकित्साधिकारी डॉ. अखलाक खान ने दो मौतों की पुष्टि की थी

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखलाक खान ने बताया कि हादसे में घायल लोगों को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया था। सरोज देवी को ब्रॉड डेड अवस्था में अस्पताल लाया गया था। वहीं शौक मुहम्मद को भी चिकित्सकों ने मृत घोषित किया था।

उन्होंने बताया कि हादसे में घायल अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।

सीओ राजेश सिंह बोले- अब तक तीन लोगों की मौत

क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह ने बताया कि लड़सिया के पास हुए सड़क हादसे में अब तक कुल तीन लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे में होंडा सिटी कार और दो बाइकों की भिड़ंत हुई थी। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया था। कार सवार अश्वनी को भी हायर सेंटर रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

सीओ के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े सभी तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।

एक हादसे ने तीन परिवारों को दिया गहरा जख्म

लड़सिया के पास हुए इस दर्दनाक हादसे में अब तक तीन लोगों की जान जा चुकी है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं घायल परिजनों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *