बहराइच में गोकशी मामले का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी घायल, दो गिरफ्तार

बहराइच। थाना मोतीपुर क्षेत्र में हुई गोकशी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान देर रात पुलिस और संदिग्ध अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

24 सितंबर को मिले थे गोवंश के अवशेष

पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को थाना मोतीपुर क्षेत्र के ग्राम शाहपुर खुर्द में गोवंश के कुछ अवशेष मिले थे। सूचना के आधार पर थाना मोतीपुर में मु0अ0सं0 418/2026, धारा 3/5/8 गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव ने तीन पुलिस टीमों का गठन किया था। विवेचना के दौरान कुछ संदिग्ध आरोपियों के नाम प्रकाश में आए थे और पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी।

दोबारा घटना की फिराक में होने की मिली सूचना

पुलिस के मुताबिक, देर रात मुखबिर से प्रभारी निरीक्षक मोतीपुर को सूचना मिली कि गोकशी की घटना में शामिल आरोपी दोबारा इसी प्रकार की घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं और लौकही की ओर जाने वाले हैं।

सूचना के बाद प्रभारी निरीक्षक मोतीपुर पुलिस टीम के साथ जोगनिया बैराज मार्ग स्थित बाढ़ राहत केंद्र बंधा मोड़, कंजड़वा के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग करने लगे।

कुछ देर बाद गायघाट की ओर से एक मोटरसाइकिल पर तीन व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो पुलिस के अनुसार आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल

पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। वहीं, पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी करते हुए दो अन्य आरोपियों को पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान सोनू पुत्र मुल्ला निवासी बालापुर, थाना रुपईडीहा, घायल आरोपी के रूप में, शहजाद उर्फ कलूटे पुत्र रमजान निवासी उचवा बालापुर, थाना रुपईडीहा तथा सोनू पुत्र भुसैली निवासी खैरी दा0 शाहपुर खुर्द, थाना मोतीपुर के रूप में हुई है।

तमंचा, कारतूस और गोकशी में प्रयुक्त सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, 1,940 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, एक तराजू मय बाट, एक किलो व 500 ग्राम के बाट, मांस काटने वाला लकड़ी का ठीहा तथा तीन चाकू बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, बरामद सामान को कब्जे में लेकर मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

घायल आरोपी का आपराधिक इतिहास

मुठभेड़ में घायल आरोपी सोनू पुत्र मुल्ला के खिलाफ पूर्व में भी गोकशी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज होने की बात पुलिस ने बताई है। गोली लगने के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

SP समेत अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ ही मामले में अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *