36 घंटे से बिजली गुल, ग्रामीण परेशान, मोबाइल चार्ज और पढ़ाई पर पड़ा असर

अलीगंज। क्षेत्र में पिछले करीब 36 घंटे से लगातार बारिश और तेज हवा के कारण देहात क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित है। बिजली गुल होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इनवर्टर और बैटरी भी डाउन हो जाने के कारण मोबाइल फोन चार्ज नहीं हो पा रहे हैं, जिससे लोगों का एक-दूसरे से संपर्क प्रभावित हो गया है। वहीं इंटरनेट सेवा प्रभावित होने से बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई भी प्रभावित हुई है।

लगातार बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बिजली न होने से घरों में आवश्यक कार्य प्रभावित हैं। मोबाइल चार्ज नहीं होने के कारण लोगों को जरूरी फोन करने में भी दिक्कतें आ रही हैं। इंटरनेट सेवा बाधित रहने से छात्र-छात्राओं को पढ़ाई में परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके अलावा देहात क्षेत्र के सीएचसी केंद्रों पर भी विद्युत आपूर्ति बाधित रहने का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ा है।

अलीगंज देहात के जेई सुंदरलाल ने बताया कि दो दिन पहले दोपहर करीब 12:40 बजे आंधी और बारिश शुरू होने के बाद से कई स्थानों पर विद्युत व्यवस्था प्रभावित हुई है। तेज हवा और बारिश के कारण देहात क्षेत्र में करीब 20 से 30 विद्युत पोल टूट गए हैं। दुर्घटना और जनहानि की आशंका को देखते हुए कई स्थानों पर विद्युत आपूर्ति बंद की गई है।

उन्होंने बताया कि विद्युत विभाग के कर्मचारी लगातार मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं। रविवार सुबह करीब 9:30 बजे असद नगर और विल्सड फीडर चालू कर दिए गए हैं, जबकि सराय फीडर को भी चालू करने का कार्य किया जा रहा है। देहात क्षेत्र में टूटे पोलों को ठीक करने का काम तेजी से चल रहा है। विभाग के अनुसार जल्द ही प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

दिलीप सिंह मडल ब्यूरो एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *