संपूर्ण समाधान दिवस में नगला धनु की रजिया परवीन ने लगाई गुहार, सूची में नाम आने के बावजूद आवास की कार्रवाई लंबित होने का आरोप

अलीगंज। तहसील अलीगंज में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में नगला धनु निवासी रजिया परवीन ने एसडीएम डॉ. शशी शेखर को प्रार्थना पत्र देकर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तत्काल आवास उपलब्ध कराने की मांग की। महिला ने बताया कि भारी बारिश के कारण उसका कच्चा मकान गिर गया है, जिससे उसके सामने बच्चों के साथ रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
रजिया परवीन ने प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका परिवार अत्यंत गरीब वर्ग से है और आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। उसके पास रहने के लिए कोई पक्का मकान नहीं है। लंबे समय से वह कच्चे मकान में अपने बच्चों के साथ रह रही थी, लेकिन लगातार हुई भारी बारिश के कारण उसका कच्चा मकान गिर गया। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने सिर छिपाने तक की समस्या उत्पन्न हो गई है।

महिला ने बताया कि उसने अभी तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं लिया है। इस बार प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में उसका नाम आवास के लिए आया है, लेकिन इसके बावजूद अभी तक आवास निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई नहीं हो सकी है। मकान गिर जाने के बाद उसकी परेशानी और बढ़ गई है। महिला ने प्रशासन से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उसे तत्काल आवास की धनराशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि वह अपने बच्चों के साथ सुरक्षित स्थान पर रह सके।
एसडीएम ने बीडीओ को दिए जांच के निर्देश
मामले में अलीगंज एसडीएम डॉ. शशी शेखर ने बताया कि महिला का प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए अलीगंज खंड विकास अधिकारी को निर्देश जारी किए गए हैं। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दिलीप सिंह मडल ब्यूरो एटा
