आई-गॉट कर्मयोगी ऐप पर कर्मचारियों को कराया प्रशिक्षण, प्रशिक्षण पूरा करने वालों को जारी किए प्रमाण पत्र

अलीगंज। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से चलाए जा रहे पांच दिवसीय सेवा संकल्प अभियान का शनिवार को विकासखंड अलीगंज में समापन हुआ। अभियान के अंतिम दिन ब्लॉक सभागार और परिसर में विभिन्न विभागों की ओर से विभागीय कैंप लगाए गए।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्टॉल के माध्यम से आमजन एवं लाभार्थियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं के बारे में बताया।
अभियान के दौरान पशुधन विभाग की ओर से लगाए गए कैंप में डिप्टी सीवीओ डॉ. रविकांत ने पशुपालकों को विभागीय योजनाओं और उनके लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। वहीं समाज कल्याण विभाग के स्टॉल पर पेंशन, छात्रवृत्ति, शादी अनुदान समेत अन्य योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी कैंप लगाकर लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
इसके अलावा महिला स्वयं सहायता समूह और बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से भी स्टॉल लगाए गए। विभागीय कर्मचारियों ने लाभार्थियों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।
आई-गॉट कर्मयोगी ऐप पर प्रशिक्षण, कर्मचारियों को मिले प्रमाण पत्र
अभियान के दौरान कर्मचारियों को आई-गॉट कर्मयोगी ऐप के माध्यम से प्रशिक्षण भी कराया गया। प्रशिक्षण पूरा करने वाले कर्मचारियों के प्रमाण पत्र जारी किए गए। बीडीओ शिव शंकर शर्मा ने कर्मचारियों से अपील की कि वे आई-गॉट कर्मयोगी ऐप पर उपलब्ध प्रशिक्षण कार्यक्रमों को अधिक से अधिक पूरा करें और प्रशिक्षण के बाद प्रमाण पत्र प्राप्त करें।
पांच दिन तक चले अभियान में सभी विभागों ने लगाए कैंप
खंड विकास अधिकारी शिव शंकर शर्मा ने बताया कि आज सेवा संकल्प अभियान का अंतिम दिन है। विकासखंड अलीगंज में पांच दिन तक यह कार्यक्रम चला। अभियान के दौरान सभी विभागों की ओर से अपने-अपने विभागीय कैंप लगाए गए और आमजन एवं लाभार्थियों को शासन की योजनाओं की जानकारी साझा की गई।
उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना तथा उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करना रहा। पांच दिवसीय अभियान के दौरान विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई।
दिलीप सिंह मडल ब्यूरो एटा
