अलीगंज
एटीएम बदलकर बैंक खाते से हजारों रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना अलीगंज पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।थाना नयागांव क्षेत्र के ग्राम खिरिया पमारन निवासी राजवीर सिंह पुत्र रतिराम सिंह ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह 21 मई को दोपहर करीब 3 बजे अपने बैंक खाते से रुपये निकालने के लिए भारतीय स्टेट बैंक अलीगंज की मुख्य शाखा स्थित एटीएम पर पहुंचे थे।

उनके अनुसार एटीएम कक्ष के अंदर पहले से एक अज्ञात व्यक्ति मौजूद था। जब वह रुपये निकालने का प्रयास कर रहे थे, तभी उक्त व्यक्ति ने मदद करने के बहाने उनसे बातचीत की और चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। राजवीर सिंह ने बताया कि उन्हें उस समय एटीएम बदलने की जानकारी नहीं हो सकी। बाद में अज्ञात व्यक्ति उनके कार्ड का इस्तेमाल कर भारतीय स्टेट बैंक जैथरा के एटीएम और एक पेट्रोल पंप पर पहुंचा तथा खाते से कुल 56 हजार 600 रुपये निकाल लिए।
कुछ समय बाद बैंक की ओर से ट्रांजेक्शन संबंधी कॉल आने पर उन्हें खाते से धनराशि निकाले जाने की जानकारी हुई। तब उन्होंने अपने पास मौजूद कार्ड की जांच की, जिससे एटीएम बदलने की बात सामने आई। घटना का पता चलते ही पीड़ित ने तत्काल बैंक से संपर्क कर अपना एटीएम कार्ड ब्लॉक कराया, ताकि खाते से आगे कोई लेनदेन न हो सके। इसके बाद उन्होंने थाना अलीगंज पहुंचकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। एटीएम केंद्रों और संबंधित स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
