खिलाड़ियों के उत्साह ने बढ़ाया कार्यक्रम का मान, मिला सम्मान
बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक किये प्रदान

अलीगंज। अलीगंज के पीडीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक सप्ताह से चल रहे वार्षिक खेलकूद कार्यक्रम जज्बा 2025 कार्यक्रम का बुधवार को भव्य समापन हुआ। पूरे सप्ताह खिलाड़ियों के जोश, प्रतिस्पर्धा और उत्साह से सराबोर यह आयोजन पदक वितरण समारोह तथा राष्ट्रगान के साथ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समापन समारोह में नगर के गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अलीगंज नगर एसएचओ, खंड शिक्षाधिकारी विनोद कुमार, एकेडमिक रिसोर्स पर्सन योगेश कुमार शर्मा तथा कस्बा भरगैन के प्रमुख समाजसेवी अजहर अली खान ने भाग लेकर आयोजन की शोभा बढ़ाई।
विद्यालय की ओर से मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश वर्मा, ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर अभिषेक सोहरिया, चेयरमैन कमलेश सोहरिया, शीश सोहरिया, प्रधानाचार्य एम.के. शर्मा एवं आशीष सोहरिया ने संयुक्त रूप से अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। समारोह के मध्य प्रस्तुत सांस्कृतिक श्रृंखला ने सभी का मन मोह लिया।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, नृत्य और योग प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ ने बच्चों के उत्साह को कई गुना बढ़ा दिया। खेलकूद प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मुख्य अतिथियों द्वारा स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य एम.के. शर्मा ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, धैर्य और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं।
ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में अहम भूमिका निभाते हैं। प्रतियोगिताओं के परिणामों में इस वर्ष रेड हाउस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ब्लू हाउस द्वितीय और ग्रीन हाउस तृतीय स्थान पर रहा। सीनियर कैटेगरी में कक्षा 11 के छात्र अभिजीत ने 200 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। वहीं जूनियर कैटेगरी में कक्षा 7 के छात्र अंशुमन शाक्य ने 200 मीटर रेस में स्वर्ण पदक हासिल किया।
जूनियर वर्ग में कक्षा 7 की छात्रा अन्या ने लंबी कूद और 100 मीटर रेस दोनों में स्वर्ण पदक जीतकर अपने हाउस का परचम लहराया। टेबल टेनिस में कक्षा 11 की छात्रा हिमांशी ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया, जबकि जूनियर कैटेगरी में भव्या गुप्ता ने रजत पदक जीता। प्राइमरी सेकंड कैटेगरी से कक्षा 5 के छात्र यशवर्धन सिंह ने बाल दौड़ में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश वर्मा ने विद्यालय परिवार, अध्यापकगण, आमंत्रित अतिथियों और नन्हे-मुन्ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को आगे भी इसी ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर अध्यापकगण मनमोहन सिंह, अवधेश कुमार, अर्जुन सिंह, वरुण कुमार, शैलेंद्र सिंह, सत्येंद्र सिंह, शिवम कुमार, आशीष कुमार, आकाश सक्सेना, समीर सिंह, सौम्य वर्मा, रश्मि सिंह, श्वेता यादव, प्रीति कुमारी, विनीत राजपूत, कल्पना सिंह, पाली सिंह सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
