एसआईआर उपलब्धि पर कमिश्नर अलीगढ ने एसडीएम अलीगंज को किया सम्मानित

शानदार प्रदर्शन, अलीगंज विधानसभा को एटा जनपद में प्रथम स्थान

अलीगंज विधानसभा अलीगंज ने एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एटा जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर अलीगढ़ मंडल की कमिश्नर संगीता सिंह ने उप जिलाधिकारी अलीगंज जगमोहन गुप्ता को प्रस्तति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने इस सफलता का श्रेय जिलाधिकारी एटा प्रेम रंजन सिंह के कुशल मार्गदर्शन और पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक अधिकारी की नहीं, बल्कि अलीगंज क्षेत्र में तैनात प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी, सुपरवाइजर, कर्मचारी और सहयोगी अधिकारियों की मेहनत का परिणाम है।

सभी ने जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया, जिससे एसआईआर कार्य को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सका। एसडीएम ने कहा कि एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण कार्य में अनुशासन, पारदर्शिता और आपसी तालमेल की अहम भूमिका होती है। अलीगंज विधानसभा की टीम ने इन सभी मानकों पर खरा उतरते हुए यह सफलता अर्जित की है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी अलीगंज विधानसभा प्रशासनिक कार्यों में इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नई उपलब्धियां हासिल करती रहेगी। अपने कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने सुपरवाइजरों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए उनके योगदान की सराहना की।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *