बिहार, औरंगाबाद। ओबरा विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए क्षेत्र के माननीय विधायक प्रकाश चंद्र द्वारा राज्य सरकार के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात कर सड़कों एवं पुल-पुलियों के चौड़ीकरण, निर्माण और मरम्मती से जुड़े कई अहम प्रस्ताव सौंपे।
इस क्रम में उन्होंने डॉ दिलीप जायसवाल, माननीय मंत्री, पथ निर्माण विभाग, पंकज पाल, सचिव, पथ निर्माण विभाग (भा.प्र.से.) एवं देवेश सेहरा, अपर मुख्य सचिव, ग्रामीण कार्य विभाग (भा.प्र.से.) से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र की जमीनी समस्याओं से अवगत कराया। मुलाकात के दौरान प्रमुख रूप से NH-139 को दोनों ओर से 3-3 फीट चौड़ीकरण करने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुगम होगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

इसके साथ ही शहीद प्रमोद सिंह चौक से रामविलास पासवान चौक तक सड़क के चौड़ीकरण की मांग रखी गई, जो ओबरा और दाउदनगर क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण एवं व्यस्ततम सड़क मानी जाती है। इसके अतिरिक्त ओबरा प्रखंड अंतर्गत चपरी के आदरी पर नए पुल के निर्माण का प्रस्ताव भी अधिकारियों के समक्ष रखा गया। यह पुल बन जाने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और बरसात के दिनों में होने वाली कठिनाइयों से लोगों को राहत मिलेगी।
विधायक प्रकाश चंद्र ने क्षेत्र की अन्य जर्जर सड़कों एवं पुल- पुलियों के निर्माण और मरम्मती से संबंधित अनेक प्रस्ताव भी विभागीय अधिकारियों को सौंपी। अधिकारियों ने उक्त सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि अगले वित्तीय वर्ष में अधिकांश योजनाओं को स्वीकृति मिलने की पूरी संभावना है।

इस अवसर पर विधायक प्रकाश चंद्रने कहा कि,“ओबरा विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए सड़क और पुल बुनियादी आवश्यकता हैं। वे बोले मेरी प्राथमिकता है कि जनता को सुरक्षित, सुगम और मजबूत सड़क नेटवर्क उपलब्ध हो। इसके लिए मैं निरंतर सरकार और विभागों के साथ समन्वय कर रहा हूँ।” बताते चले की क्षेत्रवासियों में इन प्रस्तावों को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
