थार स्टंट और अवैध असलहों का खुला प्रदर्शन, नवाबगंज में दहशत; पुलिस जांच में जुटी

गोण्डा। जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में युवकों द्वारा थार गाड़ी से खतरनाक स्टंट करने और अवैध हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन किए जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में कुछ युवक तेज रफ्तार थार गाड़ी पर स्टंट करते हुए अवैध असलहे लहराते नजर आ रहे हैं।

कहीं वे गाड़ी की छत पर बैठकर जानलेवा स्टंट करते दिख रहे हैं तो कहीं खुलेआम कट्टा प्रदर्शित कर कानून को चुनौती दे रहे हैं। इस लापरवाही से न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हुआ है,बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक वायरल वीडियो और तस्वीरों की जांच में एक युवक की पहचान कटरा भोगचंद गांव निवासी अजय चौहान पुत्र भवानी भीख के रूप में हुई है।

बताया गया है कि अजय चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर ‘अजय चौहान 9900’ नाम से आईडी बना रखी है, जिस पर उसने हाल ही में अवैध असलहे के साथ स्टोरी पोस्ट की थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त युवक पूर्व में भी सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करता रहा है। एक अन्य वायरल वीडियो में वह एक युवक के साथ थार गाड़ी की छत पर बैठकर स्टंट करता दिखाई दे रहा है, जो यातायात नियमों का खुला उल्लंघन है।

इस मामले को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (ट्विटर) पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है।
नवाबगंज थाना अध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो और तस्वीरों की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध हथियारों के प्रदर्शन और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने वाले स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *