थाना रूपईडीहा को सोशल मीडिया पर टैग कर लगाए गए आरोप, चार पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

बहराइच
दिनांक 25.01.2026 को सोशल मीडिया के माध्यम से थाना रूपईडीहा में तैनात चार पुलिसकर्मियों के विरुद्ध एक व्यक्ति को पकड़कर छोड़ देने के संबंध में भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप प्रसारित हुए। उक्त प्रकरण को पुलिस अधीक्षक बहराइच द्वारा तत्काल संज्ञान में लेते हुए जांच के आदेश प्रदान किए गए।

आरोप हेड कांस्टेबल देवेंद्र यादव, हेड कांस्टेबल अभिषेकधर द्विवेदी, कांस्टेबल आशीष सिंह एवं कांस्टेबल कुलदीप दुबे के विरुद्ध लगाए गए हैं।

प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी नानपारा को सौंपते हुए तथ्यात्मक आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच वर्तमान में प्रचलित है।

जांच के दौरान यह तथ्य संज्ञान में आया है कि जिस व्यक्ति को पकड़कर छोड़ने का आरोप लगाया जा रहा है, वह अभी तक प्रकाश में नहीं आया है। प्रकरण से संबंधित अन्य साक्ष्यों के संबंध में आवश्यक जानकारी एकत्र की जा रही है।

चूंकि आरोप गंभीर प्रकृति के हैं, अतः भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के अंतर्गत जांच की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बहराइच द्वारा उक्त चारों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया गया है।

क्षेत्राधिकारी नानपारा द्वारा जांच पूर्ण कर आख्या प्रस्तुत किए जाने के उपरांत प्राप्त तथ्यों के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *