पांचों पीएचसी पर कैंसर, टीबी, शुगर व एनसीडी की हुई व्यापक जांच*
अलीगंज। रविवार को अलीगंज क्षेत्र के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का सफल आयोजन किया गया। इस मेले के आयोजन से न केवल आमजन को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, बल्कि स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक एवं कर्मचारी भी पूरे दिन सक्रिय नजर आए। मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीण मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार का लाभ उठाया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शिव कुमार राजपूत ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नयागांव, भदकी, नगला गजपत, अलीपुर एवं राजा का रामपुर इन सभी पांचों पीएचसी पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। प्रत्येक केंद्र पर मरीजों की ओरल कैंसर, टीबी, हीमोग्लोबिन, शुगर, एनसीडी सहित अन्य बीमारियों की जांच की गई। मेले के दौरान ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग में 70 मरीजों की जांच की गई, जबकि शुगर की जांच 55 लोगों की तथा एनसीडी से संबंधित जांच 110 मरीजों की की गई।

इसके साथ ही संदिग्ध टीबी रोगियों एवं ओरल कैंसर की भी स्क्रीनिंग कर उन्हें आवश्यक परामर्श व उपचार उपलब्ध कराया गया। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को दवाएं निःशुल्क वितरित की गईं और गंभीर रोगियों को उच्च केंद्रों के लिए रेफर किया गया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नयागांव पर डॉ. नीतू शाक्य, भदकी पर डॉ. हिमांशु सक्सेना, नगला गजपत पर डॉ. हर्षवर्धन, अलीपुर पर डॉ. रूबी यादव तथा राजा का रामपुर पर डॉ. दिव्यांशी गुप्ता ने अपनी सेवाएं दीं। उनके साथ सहयोगी स्टाफ भी पूरे समय उपस्थित रहा और मरीजों की जांच व उपचार में सक्रिय योगदान दिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने से संतोष एवं जागरूकता देखने को मिली।
