नवयुग समाचार
नेपालगंज/बहराइच।
नेपाल-भारत अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा, शांति व्यवस्था एवं प्रभावी समन्वय को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासनिक कार्यालय बांके जिला द्वारा आयोजित जनपद स्तरीय संयुक्त समन्वय बैठक नेपालगंज में सम्पन्न हुई।

बैठक में नेपाल पक्ष से बर्दिया जिला के मुख्य जिला अधिकारी गोगन बहादुर हमाल, बांके के मुख्य जिला अधिकारी दिल कुमार तमांग, पुलिस अधीक्षक सरोज पौडेल व अंगुर जी.सी., तथा सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के अधिकारी दिनेश कुमार महत व भीम बहादुर चंद उपस्थित रहे।
भारत पक्ष से जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक आर.एन. सिंह, सशस्त्र सीमा बल 42वीं वाहिनी के कमांडेंट गंगा सिंह उदावत, 59वीं वाहिनी के कमांडेंट कैलाश चन्द्र रमोला तथा प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्वा दीक्षित सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में मादक पदार्थ, अवैध शराब, वन्यजीव व लकड़ी तस्करी तथा मानव तस्करी की रोकथाम पर विस्तृत चर्चा हुई। सीमा क्षेत्रों में संयुक्त गश्त बढ़ाने, रात्रि पेट्रोलिंग सुदृढ़ करने और सुरक्षा एजेंसियों के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान पर सहमति बनी।
अधिकारियों ने सीमा पार आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई, थाना व चौकी स्तर पर नियमित संपर्क तथा सुरक्षा बलों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।

