बहराइच। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परिषदीय परीक्षा-2026 को सकुशल, निष्पक्ष व नकलविहीन कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज द्वारा आयोजित परीक्षा को लेकर शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज बहराइच सभागार में अहम बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में की। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक, केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। किसी भी प्रकार की नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग या अनियमितता मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील व अतिसंवेदनशील केंद्रों पर विशेष सतर्कता, सीसीटीवी निगरानी सक्रिय रखने तथा उड़नदस्ता टीमों से नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि परीक्षा अवधि में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन, स्ट्रांग रूम की निगरानी और परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
