बहराइच। मोतीपुर थाना क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा के पास पुलिस ने चेकिंग के दौरान 30 ग्राम स्मैक के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक बहराइच के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी व क्षेत्राधिकारी मिहीपुरवा प्रद्युम्न सिंह के निर्देशन में मोतीपुर पुलिस टीम भारत-नेपाल बॉर्डर के पिलर संख्या 663/01 के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई, जिनके पास से 14 ग्राम व 16 ग्राम स्मैक (कुल 30 ग्राम) बरामद हुई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अमन सिंह उर्फ मानू (26) निवासी काजीपुरा उत्तरी, थाना कोतवाली नगर बहराइच तथा अर्श खान उर्फ अयान (21) निवासी नाजिरपुरा, थाना कोतवाली नगर बहराइच के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से पैशन प्रो मोटरसाइकिल (UP 40 AB 0279) भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
