बुलाकीनगर बी-पैक्स में बहुउद्देशीय योजना के तहत टेंट हाउस का शुभारंभ

संयुक्त निबंधक अलीगढ ने हवन-पूजन कर किया उद्घाटन, सस्ती दरों पर मिलेगा लाभ

अलीगंज विकास खंड अलीगंज के बी-पैक्स बुलाकीनगर में उत्तर प्रदेश सरकार और सहकारिता विभाग की बहुउद्देशीय योजना के अंतर्गत उत्सव पैलेस टेंट हाउस का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संयुक्त निबंधक सहकारिता अलीगढ़ मंडल प्रमोद वीर आर्य ने हवन-पूजन कर टेंट हाउस का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में संयुक्त निबंधक प्रमोद वीर आर्य ने कहा कि बी-पैक्स बुलाकीनगर के सचिव और स्टाफ द्वारा किया गया यह कार्य अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से समितियां केवल खाद और बीज के व्यवसाय पर निर्भर थीं, जिससे उन्हें अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाता था। अब टेंट हाउस जैसी गतिविधियां शुरू होने से समितियों की आय बढ़ेगी और आम जनता को भी सस्ती दरों पर शादी और अन्य कार्यक्रम आयोजित करने की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने सरकार की मंशा का उल्लेख करते हुए कहा कि सहकारी समितियों को खाद-बीज के अलावा अन्य कार्यों से भी जोड़ा जा रहा है, जैसे सीएससी सेंटर संचालन, सरकारी गेहूं व धान खरीद आदि। इससे किसानों और आम लोगों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं मिलेंगी और समितियां आर्थिक रूप से मजबूत होंगी।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि जहां भी सहयोग की आवश्यकता होगी, सहकारिता विभाग पूरी सहायता प्रदान करेगा। कार्यक्रम के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि बी-पैक्स बुलाकीनगर में आयोजित हो रहे विवाह समारोह में दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर से कराई जाएगी, जिसके लिए हेलीपैड सहित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

संयुक्त निबंधक प्रमोद वीर आर्य ने स्वयं स्थल का भ्रमण कर तैयारियों का अवलोकन किया और समिति स्टाफ तथा वर-वधू पक्ष को बधाई दी। उन्होंने इस अनूठे आयोजन के लिए सचिव करन सिंह यादव की विशेष प्रशंसा भी की। कार्यक्रम में अतिथियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सतीश कुमार एआरसीएस एटा, मुकेश कुमार जीएम डीसीबी एटा, प्रदीप कुमार सिसोदिया अनुवाद अधिकारी डीसीबी एटा, मोहनलाल बीएम डीसीबी अलीगंज, संतोष कुमार सचिव, करन सिंह यादव सचिव, अनेक पाल सिंह यादव सचिव, यशवीर सिंह सचिव बझेरा, रोहित यादव, अंशुल यादव कंप्यूटर ऑपरेटर, जगपाल सिंह सचिव देवतरा, विक्रम सिंह, विशेष कुमार, शरद यादव प्रधान पुराहार बुलाकीनगर, दिलीप राजपूत प्रधान अमरोली रतनपुर, लायक सिंह यादव प्रधान, भूपेंद्र किनौड़ी खैराबाद, डॉ. मोहित यादव हॉस्पिटल अलीगंज तथा कार्यक्रम के मुख्य आयोजक मुन्नालाल अध्यापक सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

सचिव करन सिंह यादव ने बताया कि सहकारिता विभाग की आगामी योजनाओं के तहत डेरी, पशुपालन, मुर्गी पालन, मछली पालन और स्पेलर जैसी गतिविधियों को भी समितियों से जोड़ा जाएगा। इच्छुक व्यक्ति अपनी समिति में आवेदन कर इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

संयुक्त निबंधक प्रमोद वीर आर्य ने कहा कि सहकारी समितियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है। टेंट हाउस जैसी पहल से समितियों की आय बढ़ेगी और आम लोगों को सस्ती दरों पर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि खाद-बीज के अलावा सीएससी, गेहूं व धान खरीद जैसी गतिविधियां भी समितियों से जुड़ेंगी। इससे किसानों और ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर अधिक सुविधाएं मिलेंगी। सहकारिता विभाग हर स्तर पर समितियों को पूरा सहयोग देगा।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *