बहराइच। प्राथमिक विद्यालय महसी प्रथम में शनिवार को IDBI बैंक बहराइच शाखा के प्रबंधक पवन कुमार जायसवाल, गोंडा शाखा के प्रबंधक शार्दुल चौबे तथा प्रवीण दुबे के सहयोग से विद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए 58 डेस्क-बेंच प्रदान किए गए। इस अवसर पर विद्यालय में कृतज्ञता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी जगन्नाथ यादव ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के सहयोग से ही विद्यालयों का विकास संभव है और इस प्रकार के कार्य बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी भारतीय परंपरा में शिक्षा के उत्थान के लिए दिया गया दान सबसे बड़ा दान माना जाता है, क्योंकि शिक्षा ही वह शक्ति है जो मनुष्य को अज्ञान से ज्ञान, दुर्बलता से सामर्थ्य और अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाती है। अन्न का दान एक दिन का सहारा देता है, जबकि शिक्षा का दान पूरे जीवन का सहारा बनता है।

IDBI बैंक के शाखा प्रबंधक पवन कुमार जायसवाल ने शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग को सामाजिक दायित्व बताते हुए भविष्य में भी हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों का स्वागत अभय कुमार मिश्रा एवं ग्राम प्रधान उमाशंकर मिश्रा ने किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रभारी अखिलेश कुमार ने सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं एवं उपस्थित लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर शैलेंद्र मौर्य, देवेंद्र कुमार, वीरेंद्र ओझा, प्रवीण वाजपेई, गोविंद सिंह, अश्वनी सिंह, प्रदीप मिश्रा, प्रदीप पांडे, नैमिष गिरी, आशीष श्रीवास्तव, विनोद कुमार, सुनील परिहार, विपुल तिवारी, पंकज मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
