9 दिन तक चलेगा प्रशिक्षण कार्यक्रम, तीन-तीन दिन में बैचवार दिया जायेगा प्रशिक्षण

अलीगंज। आगामी जनगणना को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जीडी इंटरनेशनल स्कूल में प्रगणकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार से प्रारंभ हो गया। इस प्रशिक्षण में कुल 400 प्रगणकों को शामिल किया गया है, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के लिए विद्यालय के आठ कमरों की व्यवस्था की गई है, जहां प्रत्येक कक्ष में 50-50 प्रगणकों को बैठाकर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशासन द्वारा पहले ही 18 मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया गया था, जो अब इन प्रगणकों को जनगणना से संबंधित आवश्यक जानकारी और तकनीकी पहलुओं का प्रशिक्षण दे रहे हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी प्रगणक अपने कार्य को पूरी दक्षता और सटीकता के साथ संपन्न कर सकें। प्रशिक्षण कार्यक्रम को तीन-तीन दिन के बैचों में विभाजित किया गया है। पहले बैच का प्रशिक्षण आज से शुरू होकर तीन दिन तक चलेगा।

इसमें एक-तिहाई प्रगणकों को आज, एक-तिहाई को कल और शेष को परसों प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसी प्रकार यह क्रम लगातार नौ दिनों तक जारी रहेगा, ताकि सभी प्रगणकों को समान रूप से प्रशिक्षण प्राप्त हो सके। प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों को घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करने की प्रक्रिया, डेटा संकलन के तरीके, डिजिटल उपकरणों के उपयोग तथा गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं। साथ ही उन्हें यह भी बताया जा रहा है कि किसी भी परिस्थिति में सही और प्रमाणिक जानकारी कैसे एकत्रित की जाए।
एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने बताया कि जनगणना का कार्य 20 जून तक संपन्न किया जाना प्रस्तावित है। इस दौरान प्रशिक्षित प्रगणक क्षेत्र में जाकर जनगणना से जुड़ा कार्य करेंगे और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक आंकड़े एकत्रित करेंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर उप जिलाधिकारी अलीगंज जगमोहन गुप्ता, तहसीलदार संजय कुमार, नायब तहसीलदार सतीश कुमार, एबीएसए विनोद कुमार तथा वीओ मुकेश कुमार सत्य प्रकाश अशोक यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रशिक्षण व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
