अलीगंज में निकली नारी शक्ति वंदना यात्रा, महिलाओं के सम्मान में गूंजे जयकारे

33% आरक्षण पर जताई खुशी, गांधी चौराहे पर हुआ सम्मान समारोह व मिठाई वितरण

अलीगंज नगर में नारी शक्ति वंदना यात्रा का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश पूरे क्षेत्र में गूंजता रहा। यात्रा का शुभारंभ नगर पालिका परिसर से किया गया, जहां से बड़ी संख्या में महिलाएं और जनप्रतिनिधि एकत्रित होकर उत्साहपूर्वक शामिल हुए। यह यात्रा मुख्य बाजार से होते हुए गांधी चौराहे तक पहुंची, जहां इसका समापन एक सम्मान समारोह के रूप में किया गया।

यात्रा के दौरान महिलाओं ने नारी शक्ति के समर्थन में नारे लगाए और केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने के निर्णय पर अपनी खुशी जाहिर की। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने मिठाई बांटकर इस ऐतिहासिक पहल का स्वागत किया। कार्यक्रम में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि आज की नारी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और सशक्त हो रही है।

कार्यक्रम की संयोजक जिला उपाध्यक्ष कुमारी आशीष राजपूत रहीं, जिन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नारी समाज की आधारशिला है और उसके सशक्तिकरण से ही देश का समग्र विकास संभव है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों को पहचानें और समाज में अपनी भूमिका को मजबूती से निभाएं। इस मौके पर चेयरमैन प्रतिनिधि बॉबी गुप्ता और जिला महामंत्री पियूष शाक्य ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं को आरक्षण देने का निर्णय उनके सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इससे महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में अधिक भागीदारी मिलेगी और वे समाज में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा सकेंगी। कार्यक्रम में जिला मंत्री गोपाल शर्मा, फेरू सिंह, अरुण, विकास गुप्ता, सवेन्द्र राजपूत, शाहिद सहित कई जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में नारी शक्ति के सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *