पूजा भारद्वाज विश्व हिंदी परिषद ऑस्ट्रेलिया शाखा की महामंत्री मनोनीत

नई दिल्ली/लखनऊ, 27 अप्रैल। विश्व हिंदी परिषद के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. विपिन कुमार ने श्रीमती पूजा भारद्वाज को विश्व हिंदी परिषद, ऑस्ट्रेलिया शाखा का महामंत्री मनोनीत किया है। डॉ. कुमार ने विश्वास जताया कि श्रीमती भारद्वाज हिंदी को विश्व भाषा बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देंगी। विश्व हिंदी परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ डीपी मिश्र ने शुभकामनाएं दी।


विश्व हिंदी परिषद शाखा ऑस्ट्रेलिया के अध्यक्ष श्रीमती मधु खन्ना जी ने बताया कि पूजा भारद्वाज वर्तमान में साउथ एशियन हेराल्ड की ऑस्ट्रेलिया संवाददाता एवं ऑस्ट्रेलिया डेस्क प्रमुख हैं। वे हिंदी समाज पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया की उपाध्यक्ष के रूप में अपने दूसरे कार्यकाल में कार्यरत हैं। वॉशिंगटन डीसी मुख्यालय वाले साउथ एशियन हेराल्ड को व्हाइट हाउस, संयुक्त राष्ट्र, विश्व बैंक और अमेरिकी कांग्रेस से मान्यता प्राप्त है। श्रीमती भारद्वाज कूटनीति, नीति और प्रवासी भारतीय समुदाय से जुड़े विषयों पर लेखन करती हैं तथा वरिष्ठ राजनयिकों, नीति निर्माताओं एवं वैश्विक नेताओं के विचारों को मंच प्रदान करती रही हैं।


भारतीय दूतावासों में बीते बचपन ने उन्हें सांस्कृतिक विविधता और बहुभाषिकता से जोड़ा। परिवार व सामुदायिक प्रयासों से हिंदी सीखने वाली पूजा भारद्वाज पिछले एक दशक से पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया में हिंदी भाषा-संस्कृति के प्रचार-प्रसार में सक्रिय हैं। उन्होंने हिंदी में आयोजित चर्चाओं एवं कार्यक्रमों का अंग्रेजी में भावानुवाद कर उन्हें वैश्विक मंच दिया है।
श्रीमती भारद्वाज पर्थ स्थित एक वेंचर पार्टनर टेक्नोलॉजी कंपनी में निदेशक हैं। वे यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो, कनाडा से इंजीनियर तथा यूनिवर्सिटी ऑफ वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया से एमबीए हैं। वे ऑस्ट्रेलियन इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी डायरेक्टर्स की सदस्य भी हैं।


विश्व हिंदी परिषद के राष्ट्रीय संपर्क समन्वयक डॉ. नन्दकिशोर साह ने बताया कि परिषद की ऑस्ट्रेलिया इकाई आगामी वर्ष में कई शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित करेगी, जिससे हिंदी की वैश्विक पहुँच को नया आयाम मिलेगा। श्रीमती भारद्वाज के मनोनयन पर साहित्यिक जगत में हर्ष की लहर है। हिंदी प्रेमियों, पत्रकारों, साहित्यकारों, लेखकों एवं कवियों ने उन्हें बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *