एक पक्ष ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप, दूसरे ने बताया निराधार; पुलिस ने संभाली स्थिति
अलीगंज। अलीगंज तहसील में अधिवक्ताओं के दो गुटों के बीच चल रहा विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। उपजिलाधिकारी न्यायालय के कार्यबहिष्कार को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिससे तहसील परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

बार एसोसिएशन अध्यक्ष महेंद्र सिंह शाक्य गुट के अधिवक्ताओं ने एसडीएम न्यायालय में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कार्यबहिष्कार का ऐलान कर दिया। अधिवक्ताओं का कहना है कि न्यायालय में जमानत, हलफनामा, प्रार्थना पत्र व अन्य प्रक्रियाओं में धनराशि ली जा रही है, मुकदमों में बिना बहस आदेश लंबित रखे जा रहे हैं और राजस्व संहिता की विभिन्न धाराओं में भी अवैध वसूली की जा रही है। साथ ही लंबे समय से एक ही कोर्ट मुहर्रिर की तैनाती पर भी सवाल उठाए गए हैं।
वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता प्रमोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व वाले दूसरे गुट ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि न्यायालय में सभी कार्य नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिवक्ता दबाव बनाकर नियम विरुद्ध कार्य कराना चाहते हैं, जिसका वे विरोध कर रहे हैं। विवाद उस समय और गहरा गया जब प्रमोद मिश्रा गुट ने आरोप लगाया कि न्यायालय में कार्य करने पर उन्हें दूसरे गुट द्वारा धमकाया गया।
इस संबंध में प्रमोद मिश्रा ने अलीगंज थाना पुलिस को शिकायत देते हुए जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल तहसील परिसर में पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आए और तीखी बहस भी हुई, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में बातचीत के बाद मामला शांत करा दिया गया। इसी बीच बार एसोसिएशन अलीगंज की ओर से एक प्रार्थना पत्र भी अधिकारियों को सौंपा गया है।
इसमें अध्यक्ष प्रमोद कुमार मिश्रा ने आरोप लगाया है कि अमरीश सिंह राठौर एडवोकेट के नेतृत्व में कुछ लोग अधिवक्ताओं पर दबाव बनाकर जबरन हड़ताल का समर्थन कराने का प्रयास कर रहे हैं और भय का माहौल बनाया जा रहा है। पत्र में पुरानी व नई तहसील में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस व पीएसी बल की तैनाती की मांग की गई है।
पूर्व बार काउंसलिंग अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता अमरीश सिंह राठौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि मेरे नेटवर्क में कोई भी मीटिंग नहीं की गई है जो भी मेरे ऊपर आरोप लगाए गए हैं पूर्णतः निराधार और झूठे है।
क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बार काउंसलिंग के अध्यक्ष द्वारा मुझे प्रार्थना पत्र दिया गया है जिसको लेकर नई तहसील व पुरानी तहसील में गस्त बढ़ा दी गई है।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
