कोल्ड तिराहा (कायमगंज रोड) पर हुआ हादसा, ट्रैक्टर पलटने से नीचे दबे सवार; पुलिस ने संभाला मोर्चा
अलीगंज। कायमगंज रोड स्थित कोल्ड तिराहा के पास मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें फर्रुखाबाद डिपो की तेज रफ्तार रोडवेज बस ने ओवरटेक के दौरान भूंसा लादकर जा रहे ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर पलट गया और उसमें सवार तीन लोग नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल दीनदयाल (28) पुत्र रामसनेही निवासी मीरगंज, थाना कायमगंज (जनपद फर्रुखाबाद) ने बताया कि वह अपने चाचा भगवान दास (40) पुत्र राधेश्याम और बहन अनीता (38) पत्नी हुकुम सिंह निवासी अमरोली रतनपुर के साथ ट्रैक्टर से भूंसा लेकर गांव जा रहे थे। कोल्ड तिराहा के पास पहुंचते ही पीछे से आ रही रोडवेज बस (नंबर यूपी 78 JT 7041) ने ओवरटेक करने के प्रयास में ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। दीनदयाल के अनुसार बस की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे चालक नियंत्रण नहीं रख सका और हादसा हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली अलीगंज पुलिस और डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस और एंबुलेंस कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर ट्रैक्टर के नीचे दबे तीनों घायलों को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया।
पुलिस ने तत्काल किया रेस्क्यू, वाहन कब्जे में लिए
मामले पर थाना अध्यक्ष अलीगंज राजकुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। डायल 112 की सहायता से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज भेजा गया। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त रोडवेज बस और ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर कोतवाली अलीगंज लाया गया है।
जेसीबी से हटवाए गए वाहन, बहाल हुआ यातायात
हादसे के चलते मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त बस और ट्रैक्टर को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू कराया।
गंभीर हालत में तीनों घायल रेफर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में तैनात चिकित्सा अधिकारी डॉ. शक्ति मीणा ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए तीनों को मेडिकल कॉलेज एटा रेफर कर दिया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
