कहीं गिफ्ट तो कहीं डिनर, मदर्स डे पर बच्चों ने जताया मां के प्रति प्यार
अलीगंज। मदर्स डे के अवसर पर रविवार को अलीगंज क्षेत्र में मातृत्व के सम्मान और प्रेम का भावनात्मक नजारा देखने को मिला। छोटे-छोटे बच्चों से लेकर किशोर और युवाओं तक ने अपनी मां के प्रति प्यार और सम्मान व्यक्त करते हुए इस दिन को बेहद खास अंदाज में मनाया। किसी ने अपनी पॉकेट मनी बचाकर मां के लिए उपहार खरीदे तो किसी ने उन्हें रेस्टोरेंट में भोजन कराकर खुशियां बांटी। पूरे क्षेत्र में मदर्स डे को लेकर उत्साह और अपनत्व का माहौल बना रहा।

अलीगंज कस्बे मे सुबह से ही बच्चों में अपनी मां को खुश करने की उत्सुकता दिखाई दी। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने हाथों से बने ग्रीटिंग कार्ड, फूल, चॉकलेट और छोटे-छोटे उपहार देकर मां को सरप्राइज दिया। कई बच्चों ने अपनी जेब खर्च से साड़ी, पर्स, कॉस्मेटिक सामान और सजावटी वस्तुएं खरीदकर मां को भेंट कीं। बच्चों की मासूम भावनाओं और प्रेम को देखकर माताएं भावुक हो उठीं। कई घरों में बच्चों ने मां के लिए केक काटकर भी इस दिन को यादगार बनाया। वहीं किशोर और युवाओं ने भी मदर्स डे को खास बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी। कई युवक-युवतियां अपनी मां को लेकर स्थानीय रेस्टोरेंट और होटल पहुंचे, जहां परिवार के साथ भोजन कर इस दिन का आनंद लिया।

युवाओं ने मां के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया और उनके त्याग, संघर्ष तथा निस्वार्थ प्रेम के प्रति सम्मान व्यक्त किया। कई परिवारों ने घरों में भी छोटे-छोटे कार्यक्रम आयोजित कर मां के साथ समय बिताया। सोशल मीडिया पर भी मदर्स डे पूरे दिन छाया रहा। लोगों ने मां के साथ तस्वीरें साझा करते हुए भावुक संदेश पोस्ट किए। व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर मां के सम्मान में शुभकामनाओं का सिलसिला चलता रहा। लोगों ने कहा कि मां केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं बल्कि जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा होती है। मां का प्यार और त्याग शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। इस अवसर पर आशीष राजपूत, निशू मिश्रा, मोना पाठकर, शिप्रा गुप्ता, रेनू मिश्रा, रीतू मिश्रा सहित बड़ी संख्या में लोगों ने मदर्स डे उत्साहपूर्वक मनाया। पूरे अलीगंज क्षेत्र में दिनभर पारिवारिक प्रेम, सम्मान और भावनाओं का अनूठा माहौल देखने को मिला।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
