कंबाइन मशीन की टक्कर से हुआ भीषण हादसा, शासन-प्रशासन पर उठे सवाल

बहराइच। जनपद के नानपारा-बहराइच मार्ग पर डिहवा पेट्रोल पंप के सामने शनिवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, टाटा पंच कार में सवार छह लोग नानपारा से बहराइच की ओर आ रहे थे। इसी दौरान मटेरा की तरफ से आ रही एक कंबाइन मशीन ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में अनिल कुमार (40) निवासी मुकेरिया थाना रामगांव, अल्ताफ अहमद (38) निवासी हम्जापुरा थाना दरगाह शरीफ, अनिल कुमार (42) निवासी मेटुकहा थाना रामगांव तथा महेंद्र पाल (45) निवासी फतेहपुरवा मोहम्मदपुर थाना रामगांव की मौके पर मौत हो गई।
वहीं शिवम श्रीवास्तव (30) निवासी चित्रशाला रोड तथा अश्वनी कुमार (30) निवासी ब्राम्हणीपुरा, कोतवाली नगर बहराइच गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

सूचना मिलते ही थाना मटेरा व थाना नानपारा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
हालांकि हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल शासन और प्रशासन से है कि आखिर इतनी बड़ी कंबाइन मशीन घटना के बाद “अज्ञात” कैसे हो गई?

स्थानीय लोगों का कहना है कि दोपहिया या छोटा वाहन तो फरार हो सकता है, लेकिन एक विशालकाय कंबाइन मशीन का बिना पहचान के गायब हो जाना गंभीर लापरवाही की ओर इशारा करता है।
पीड़ित परिवारों ने दोषी वाहन और चालक की जल्द पहचान कर कठोर कार्रवाई तथा न्याय की मांग की है।
