बहराइच। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने मंगलवार को जिला कारागार का आकस्मिक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और स्वच्छता की स्थिति का गहन मूल्यांकन किया।

डीएम और एसपी ने कारागार परिसर का विस्तृत भ्रमण करते हुए पुरुष एवं महिला बैरक, बंदी पाकशाला, क्रीड़ास्थल तथा अस्पताल वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान बंदियों की मूलभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक को निर्देश दिए गए कि कारागार का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा शातिर एवं संवेदनशील बंदियों पर विशेष निगरानी रखी जाए। अधिकारियों ने बंदियों की गतिविधियों की अद्यतन जानकारी समय-समय पर उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के लिए कारागार परिसर में स्थापित सभी सीसीटीवी कैमरों को निरंतर क्रियाशील रखने तथा जेल मैनुअल के अनुसार सभी व्यवस्थाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि कारागार में सुरक्षा, अनुशासन और बंदियों के अधिकारों से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित होनी चाहिए।
